देहरादून। जेनी के बच्चे के पिता के नाम को लेकर किए जा रहे दावे के बाद उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में कई अनसुलझे सवाल भी सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बने हुए हैं। हर कोई अपने-अपने तरीके से इन सवालों के जवाब तलाश रहा है। अब जेनी के बच्चे अंशु का जन्म प्रमाणपत्र सामने आने के बाद सवालों की फेहरिस्त और लंबी हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर निगम की ओर से वर्ष 2004 में जारी जन्म प्रमाणपत्र में आज तक बच्चे के पिता का नाम दर्ज क्यों नहीं किया गया।
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, 22 जनवरी 2004 को छह माह पूर्व जन्मे एक बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र जारी किया गया था। प्रमाणपत्र संख्या बी-20040100669 में बच्चे का जन्म स्थान महिला चिकित्सालय (दून अस्पताल) दर्ज है, जबकि माता का स्थायी पता नारी निकेतन लिखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, इसके बाद नौ अगस्त 2011 को जेनी इंदिरा की ओर से नगर निगम में शपथपत्र देकर बच्चे का नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया गया। शपथपत्र में जेनी इंदिरा पत्नी राजकुमार तिवारी, निवासी नारी निकेतन का उल्लेख किया गया था। इसी आधार पर नगर निगम के रिकॉर्ड में नौ अगस्त 2011 को बच्चे का नाम मास्टर अंशु दर्ज किया गया। हालांकि, जन्म पंजीकरण के करीब सात साल बाद नाम दर्ज होने के बावजूद पिता का नाम प्रमाणपत्र में नहीं जोड़ा गया। आज भी जन्म प्रमाणपत्र में पिता का कॉलम खाली है।
बिना पिता के नाम के भी बन सकता है जन्म प्रमाणपत्र
इस मामले में एक अहम सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या पिता का नाम दर्ज किए बिना बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र जारी किया जा सकता है। इस संबंध में नगर निगम के जन्म-मृत्यु पंजीकरण रजिस्ट्रार के अनुसार, यदि बच्चे की माता शपथपत्र देकर स्पष्ट करती है कि जन्म प्रमाणपत्र केवल उसके नाम से जारी किया जाए और पिता का नाम दर्ज न किया जाए, तो ऐसा प्रमाणपत्र बनाया जा सकता है।



