उत्तराखंड

नगर में दिखा अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम

हिंदू नववर्ष पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन

 

उत्तरकाशी। हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 एवं चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा शुक्रवार को भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में रामलीला मैदान, उत्तरकाशी में एकत्र हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण एवं आद्य सरसंघचालक प्रणाम के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया। उल्लेखनीय है कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन डॉ. हेडगेवार की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि हिंदू नववर्ष का यह दिन सृष्टि के प्रारंभ, युगों के आरंभ तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। डॉ. हेडगेवार के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए उनके राष्ट्रभक्ति, संगठन निर्माण और हिंदू समाज के जागरण के प्रति समर्पण को प्रेरणास्रोत बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सेवा कार्यों ने समाज में संगठन, संस्कार और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ किया है तथा अधिक से अधिक लोगों को शाखा और संघ के कार्यक्रमों से जुड़ने का आह्वान किया।

उद्बोधन के बाद संघ के बैंड वादन के साथ पथ संचलन रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः रामलीला मैदान में संपन्न हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवक दंड धारण कर अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए दिखाई दिए। मार्ग में स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजित बौद्धिक सत्र में प्रांत प्रचार प्रमुख श्री संजय जी, विभाग संघचालक श्री गुलाब सिंह नेगी, जिला संघचालक श्री हिमांशु जोशी, नगर संघचालक श्री मोहन तलवार, जिला कार्यवाह श्री कमलेश्वर रतूड़ी एवं जिला प्रचारक श्री गौतम जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, महामंत्री महावीर नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुरारी लाल भट्ट, डुंडा प्रमुख राजदीप परमार, जगमोहन रावत एवं विजय संतरी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button