Ad image

कारगिल विजय दिवस पर 21 वीर सैनिकों व शहीद परिवारों का सम्मान

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोसायटी ऑफ मिशन 4G (गौ, गंगा, गाँव एवं गायत्री) की ओर से जोगीवाला स्थित स्काई गार्डन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए 21 वीर सैनिकों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के 151 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों और शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना था।

इस अवसर पर वीर सैनिकों और शहीदों की स्मृति में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने किया। रक्तदान शिविर में लगभग 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर चंद्रा तिवारी, ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी, लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. हरीश जोशी तथा देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सुभाष भट्ट ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. राकेश डंगवाल, महामंत्री मितेश सेमवाल, संरक्षक ईरा कुकरेती, प्रतिभा पाठक, डॉ. राकेश उनियाल, हरीश रावत, योग गुरु जितेंद्र सिंह मियां, अनुज पुरोहित, कैप्टन दिगम्बर प्रसाद बलूनी, ज्योतिका पांडे, गीतांजलि, सविता भट्ट, रामेश्वरी चौहान, विमला शर्मा, गीता बागड़ी, शोभा पांडे, वंदना रावत, नंदिनी ढौंढियाल, शिवम ढौंढियाल, वी.के. सुंदरम, नीतू कंडारी, संजय ठाकु, समून फाउंडेशन के विजय मोहन पैन्यूली, अरविंद मोहन बहुगुणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों और सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। साथ ही समाज में शिक्षा, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

Share This Article
Leave a Comment