अपराधउत्तराखंड

तेज रफ्तार जीप की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत

बिना नंबर प्लेट की काली जीप चालक मौके से फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

देहरादून)। दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को खुशहालपुर गांव में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरुद्वारे के पास सड़क पार कर रही सात वर्षीय बच्ची को तेज रफ्तार काले रंग की बिना नंबर प्लेट की जीप ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर गांव निवासी रफाकत घर के पास अंडे की ठेली लगाते हैं। उनकी सात वर्षीय बेटी तसमीया घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी देहरादून की ओर से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद जीप चालक जस्सोवाला की ओर भाग निकला। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर सहसपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को समझाकर मार्ग से हटाया और यातायात बहाल कराया।

पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्ची को टक्कर मारने वाली जीप दिखाई दे रही है, लेकिन वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी है। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि फिलहाल परिजन लिखित शिकायत देने से मना कर रहे हैं। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। जस्सोवाला से जमनीपुर और बरोटीवाला तक के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है।

पिता हादसे के बाद हो गए थे बेहोश
हादसे के बाद जब रफाकत ने अपनी मासूम बेटी को लहूलुहान हालत में देखा तो वह मौके पर ही बेहोश हो गए। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पाक महीने की खुशियां मातम में बदलीं
इन दिनों रमजान का पाक महीना चल रहा है। गांव में भी रात के समय खासा रौनक का माहौल था। रफाकत की भी इन दिनों अच्छी आमदनी हो रही थी और परिवार ईद की खुशियों का इंतजार कर रहा था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button