Ad image

देहरादून एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू, 12 शहरों के लिए 34 उड़ानें मंजूर; डिजी यात्रा सेवा की भी शुरुआत

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। जॉलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर रविवार 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। नए शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। इसमें कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कई नए शहरों को भी जोड़ा गया है।

समर शेड्यूल में इस बार भुवनेश्वर की उड़ान को शामिल नहीं किया गया है। वहीं, नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए देहरादून से सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। अलग-अलग उड़ानें 29 मार्च से लेकर आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी।

अब देहरादून एयरपोर्ट से कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। इनमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं।


डिजी यात्रा सेवा की शुरुआत

एयरपोर्ट पर आज से डिजी यात्रा सुविधा भी शुरू की जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ करेंगे।

डिजी यात्रा के जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट पर तेज, सुरक्षित और पेपरलेस यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस सुविधा में फेस रिकग्निशन तकनीक के माध्यम से यात्री बिना दस्तावेज दिखाए सीधे एंट्री कर सकेंगे। इससे चेक-इन और बोर्डिंग में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।

ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) की मंजूरी के बाद यह सुविधा देश के बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर देहरादून में लागू की गई है।


कैसे काम करेगी डिजी यात्रा

डिजी यात्रा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल में Digi Yatra ऐप डाउनलोड करना होगा।

  • आधार और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन
  • फ्लाइट डिटेल और फोटो अपलोड
  • एयरपोर्ट पर फेस स्कैन से एंट्री

एआई तकनीक के जरिए चेहरा ही पहचान बनेगा और डिजी गेट स्वतः खुल जाएगा। यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद डेटा स्वतः डिलीट हो जाएगा।


यात्रियों के लिए नई सुविधाएं

एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को वाईफाई, किताबें पढ़ने की सुविधा और बच्चों के लिए किड्स जोन भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे यात्रा का अनुभव और बेहतर होगा।


देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली सीधी उड़ान

आज से IndiGo एयरलाइन ने देहरादून-नवी मुंबई के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू की है।

  • नवी मुंबई से फ्लाइट शाम 5:35 बजे देहरादून पहुंचेगी
  • देहरादून से वापसी शाम 6:10 बजे होगी
  • 186 सीट वाला विमान संचालित
  • यात्रा समय: करीब 2 घंटे 25 मिनट

कंपनी ने शुरुआती किराया प्रति यात्री 10,939 रुपये रखा है, जबकि 29 अप्रैल के लिए यह किराया 9,327 रुपये बताया गया है।

Share This Article
Leave a Comment