
नई टिहरी। जिला चिकित्सालय बौराड़ी के सामान्य वार्ड में भर्ती युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो अज्ञात युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना कोतवाली नई टिहरी में दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड भिलंगना के पट्टी बासर स्थित ग्राम पंचायत लसियाल निवासी 25 वर्षीय अंग्रेज सिंह बिष्ट बीते 19 दिसंबर को पारिवारिक विवाद में गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोप है कि उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली बिष्ट ने उसके दोनों हाथ काट दिए थे। घटना के बाद से अंग्रेज सिंह जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती है। आरोपित भाई-भाभी वर्तमान में जिला कारावास नई टिहरी में निरुद्ध हैं।
पीड़ित अंग्रेज सिंह का आरोप है कि शनिवार शाम करीब चार बजे दो अज्ञात युवक अस्पताल के सामान्य वार्ड में पहुंचे। उस समय वह अपने बेड पर लेटा था। युवकों ने उसका नाम पूछने के बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वार्ड में तैनात सुरक्षाकर्मी कांस्टेबल विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने युवकों को रोकने और अंग्रेज सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने घटना की सूचना कोतवाली नई टिहरी में दर्ज करा दी है।
घटना से आहत अंग्रेज सिंह ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
इधर, जिला पंचायत सदस्य धनपाल सिंह बिष्ट और एसआरटी परिसर के पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष रविराज ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





