उत्तराखंडसामाजिक

देहरादून में आज ऐतिहासिक श्री झंडे जी का आरोहण

देशभर से पहुंची संगत, दोपहर दो से चार बजे के बीच श्री दरबार साहिब में होगा 94 फीट ऊंचे ध्वजदंड का आरोहण

देहरादून। आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेला के तहत रविवार को देहरादून स्थित श्री दरबार साहिब में श्री झंडे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में संगत दून पहुंच चुकी है। शहर में चारों ओर भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है और पूरी दून नगरी भक्तिमय वातावरण में डूबी हुई है।

श्री झंडा जी मेला आयोजन समिति के अनुसार शनिवार को मेले की पूर्व संध्या पर श्री दरबार साहिब में दिनभर तैयारियां चलती रहीं। इस दौरान श्री दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को गुरु मंत्र दिया। संगत ने गुरु मंत्र को आत्मसात करते हुए श्री झंडा साहिब और श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य की किरणें सभी को समान रूप से प्रकाश और ऊष्मा देती हैं, उसी प्रकार आध्यात्मिक गुरु भी अपनी कृपा और करुणा सभी पर समान रूप से बरसाते हैं। गुरु वह होते हैं जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं।

शनिवार शाम को वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार पूरब की संगत को पगड़ी, ताबीज और प्रसाद वितरित कर विदाई दी गई। इस दौरान ढोल की थाप पर गुरु भजन गाते हुए संगतों ने भक्ति और उल्लास के साथ नृत्य किया।

ऐसे होगी झंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया

रविवार सुबह सात बजे से श्री झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद संगत दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगव्य से ध्वजदंड का स्नान कराएगी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अरदास के बाद सुबह 10 बजे गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी। दोपहर दो से चार बजे के बीच श्रीमहंत की अगुवाई में 94 फीट ऊंचे श्री झंडे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा।

झंडे जी मेले का महत्व

सिखों के सातवें गुरु श्री गुरु हर राय जी के बड़े पुत्र श्री गुरु राम राय महाराज का जन्म सन 1646 में पंजाब के होशियारपुर जिले के कीरतपुर में हुआ था। बाद में उन्होंने देहरादून को अपनी तपस्थली बनाया। यहां श्री दरबार साहिब में लोककल्याण का संदेश देते हुए एक विशाल ध्वजदंड स्थापित किया गया। परंपरा के अनुसार हर साल होली के पांचवें दिन, पंचमी तिथि को श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के रूप में ऐतिहासिक श्री झंडा मेला आयोजित किया जाता है।

ये भी खास

  • 94 फीट ऊंचे श्री झंडे जी का होगा आरोहण

  • दून के अनिल गोयल चढ़ाएंगे दर्शनी गिलाफ

  • पांच एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया पर होगा लाइव प्रसारण

  • ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी सुरक्षा निगरानी

  • श्री दरबार साहिब के आसपास रहेगा जीरो जोन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button