
देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर अवैध धनराशि मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार उससे 80 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।
मंगलवार को टीम ने जाल बिछाकर आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य कर्मचारियों या अधिकारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



