प्रेमनगर थाने में महिला दारोगा से मारपीट, दंपती गिरफ्तार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र में महिला दारोगा से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपित प्रवीण सेमवाल और उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नौ अप्रैल को श्यामपुर अंबीवाला निवासी यशपाल सिंह ने प्रवीण सेमवाल और उसकी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि प्रवीण वर्ष 2020 से उनके यहां कार्यरत था और उसे 18 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा था। भरोसे का फायदा उठाते हुए प्रवीण ने अपनी पत्नी प्रतीक्षा और साले आकाश के साथ मिलकर कथित रूप से आपराधिक षड्यंत्र रचा।

आरोप है कि प्रवीण ने कार्यालय के कैश काउंटर की नकली चाबी बनवाई और वहां से रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उसने रोड़ी, बजरी, सीमेंट और सरिया भी बिना जानकारी के बेच दिया और रकम अपने पास रख ली। जनवरी 2026 में हिसाब-किताब की जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ, जिसमें करीब 55 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पूछताछ में प्रवीण ने 20 लाख रुपये लौटाने की बात पर सहमति जताई, लेकिन बाद में समझौते से मुकर गया और दबाव में हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया।

पुलिस जांच के दौरान प्रवीण को थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी प्रतीक्षा अपने भाई आकाश के साथ थाने पहुंची और हंगामा करने लगी। आरोप है कि आकाश वीडियो बनाने लगा, जबकि प्रतीक्षा ने महिला दारोगा के साथ मारपीट कर दी।

घटना के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment