नैनीताल। शहर के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि कार पार्किंग में खड़ी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने जब कार की ओर देखा, तो अधिवक्ता सिर में गोली लगने से लहूलुहान अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना पार्किंग संचालक ने पुलिस और अन्य अधिवक्ताओं को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार के भीतर जांच करने पर अधिवक्ता का शव बरामद हुआ। मौके से उनके हाथ में पिस्टल और कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी मिला है। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में उन्होंने बीमारी से परेशान होने और जीवन से हार मानने की बात लिखी है। साथ ही कुमाऊं आयुक्त, डीएम और एसएसपी से उनकी पत्नी का ख्याल रखने की अपील भी की गई है।
हालांकि, पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



