Ad image

नशा मुक्त शादी पर नवदंपति सम्मानित, टिहरी का प्लास गांव बना मिसाल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

टिहरी गढ़वाल। चंबा ब्लॉक के ग्राम प्लास में नशा मुक्त समाज की दिशा में सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम समाज सुधार समिति की ओर से नशा मुक्त शादी करने वाले नवविवाहित दंपति को सम्मानित किया गया।

समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ममता नौटियाल और समिति के सचिव विजयपाल राणा ने नवदंपति अजय राणा और आरती राणा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि प्लास गांव को पहले ही नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है और ग्रामवासी इस संकल्प का लगातार पालन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में दूल्हे अजय राणा ने “शराब नहीं संस्कार” अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव हुआ है। उन्होंने इस पहल को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

ग्राम प्रधान ममता नौटियाल ने ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

समिति के सचिव विजयपाल राणा ने कहा कि गांव में होने वाले सभी विवाह और सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम नशा मुक्त रहेंगे। साथ ही ऐसे परिवारों को समिति द्वारा सम्मानित भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर दूल्हे के पिता पूरण सिंह राणा, माता अहिल्या देवी समेत समिति के सदस्य राजमती, कुसुम, गीता, पिंकी, लक्ष्मी और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment