Ad image

माथे पर तिलक, हिंदू नाम से छिपा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, लक्ष्मणझूला में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारत में निवास करते हुए गिरफ्तार किया है, जो हिंदू नाम और पहचान के सहारे लंबे समय से छिपकर रह रहा था।

कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई की टीम ने रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू (39 वर्ष) के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि वह बांग्लादेश के फरीदपुर का निवासी है।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए हिंदू नाम अपनाया और दिल्ली के पते पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड भी बनवा लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment