Ad image

तैयारियों का जायजा, घाटों के सुदृढ़ीकरण और स्टील पुल निर्माण में तेजी के निर्देश

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने गुरुवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने वेद निकेतन घाट का जायजा लिया। उन्होंने कुंभ मेला मद से स्वीकृत योजनाओं के तहत घाट के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा उपायों और अन्य निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके बाद उन्होंने खड़खड़ी श्मशान घाट का निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित कार्यों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जीर्णोद्धार शामिल है। योजना के तहत घाट और शवदाह प्लेटफॉर्म का विस्तार, चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाना, गैस आधारित शवदाह चैम्बर का निर्माण और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

अपर मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के लिए विस्तृत आगणन शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की उपयोगिता और उपलब्ध भूमि का भी मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर निर्माणाधीन दो लेन स्टील पुल का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना की स्पष्ट टाइमलाइन बनाई जाए और हर हाल में 31 अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा किया जाए।

इस मौके पर अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी श्मशान सेवा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह, अन्य पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए।

निरीक्षण के दौरान मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment