देवबंद। कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद के पास जंगल क्षेत्र में लूटने का सनसनीखेज प्रयास सामने आया है। करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने ट्रेन को निशाना बनाया, लेकिन उनकी साजिश नाकाम हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे की है। ट्रेन जैसे ही देवबंद स्टेशन से आगे बढ़ी, स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि दो कोच के बीच कुछ संदिग्ध लोग चढ़े हुए हैं। इसके बाद तुरंत सभी कोच अटेंडेंट को अलर्ट किया गया।
कोच अटेंडेंट्स ने पुष्टि की कि करीब 10 बदमाश कोच के बफर हिस्से में मौजूद हैं और ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि नए कोच में वैक्यूम रिलीज सिस्टम न होने के कारण वे ट्रेन को रोकने में असफल रहे।
इसके अलावा सुरक्षा के तहत ट्रेन के सभी दरवाजे लॉक कर दिए गए, जिससे बदमाश अंदर प्रवेश नहीं कर सके। जैसे ही उन्हें अंदेशा हुआ कि उनकी मौजूदगी का पता चल गया है, सभी आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
आरपीएफ ने शुरू की जांच
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को जांच के निर्देश दिए हैं। कोच अटेंडेंट के बयान दर्ज किए गए हैं और उनकी मदद से बदमाशों के स्केच तैयार किए गए हैं।
स्केच के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और स्थानीय पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
अधिकारियों का बयान
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आरपीएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।



