उत्तरकाशी।
वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बौन में विज्ञान शिक्षक एवं विज्ञान लेखक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल की नवीन पुस्तक ‘प्रकृति से प्रौद्योगिकी तक: बदलते युग का विज्ञान’ का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एच. एस. भदौरिया, निदेशक राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बौन तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद जगूड़ी, प्रबंधक ऋषिराम शिक्षण संस्थान, उत्तरकाशी ने पुस्तक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक को विज्ञान, पर्यावरण और आधुनिक तकनीक के बीच संबंधों को सरल भाषा में प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
लेखक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि पुस्तक में प्रकृति, जैव विविधता, गंगा के वैज्ञानिक पक्ष, जैविक खेती, बीज संरक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, एसटीएम शिक्षा तथा भविष्य की तकनीकों जैसे विषयों को शामिल किया गया है। पुस्तक का उद्देश्य पाठकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा प्रकृति और प्रौद्योगिकी के संतुलित संबंध को समझाना है।
मुख्य अतिथि एच. एस. भदौरिया ने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान और तकनीक तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में यह पुस्तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और सामान्य पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद जगूड़ी ने कहा कि पुस्तक विज्ञान को समाज और पर्यावरण से जोड़ते हुए नई सोच विकसित करने का कार्य करती है। कार्यक्रम में डॉ. राजेश जोशी, संजय जगूड़ी व संजीव डोभाल ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विज्ञान प्रेमियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए लेखक को शुभकामनाएं दीं।



