भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के तहत उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कार्यक्रम जारी कर दिया है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 27 जुलाई से 6 अगस्त तक चरणबद्ध तरीके से भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान धार्मिक शिक्षक (जेसीओ), हवलदार एजुकेशन, सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट), सिपाही फार्मा सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक (जेसीओ) एवं हवलदार एजुकेशन पदों के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) तथा सिपाही फार्मा पदों के लिए सभी जिलों के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती आयोजित होगी। 31 जुलाई को बागेश्वर और नैनीताल, एक अगस्त को नैनीताल, जबकि दो अगस्त को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप लगाए जाएंगे।
तीन अगस्त को ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा, चार एवं पांच अगस्त को केवल अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती होगी। अंतिम चरण में छह अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों और प्रवेश पत्र के साथ समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही प्राप्त करने की सलाह दी गई है।



