Ad image

गंगोत्री हाईवे पर सुरक्षा में चूक, बोल्डर गिरने से मजदूर 100 मीटर गहरी खाई में गिरा

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर रतूड़ीसेरा में चल रहे पहाड़ी ट्रीटमेंट और सुरक्षात्मक कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर सामने आई। बृहस्पतिवार दोपहर कार्य के दौरान पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर गिरने से पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर रोहन उसकी चपेट में आ गया और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को साथियों ने रस्सियों के सहारे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार रतूड़ीसेरा में पहाड़ी के ट्रीटमेंट कार्य के चलते बृहस्पतिवार को गंगोत्री हाईवे पर दोनों ओर से यातायात रोका गया था। इस दौरान एक टीम सड़क के ऊपर से पहाड़ी के ढीले हिस्से को हटाने का कार्य कर रही थी, जबकि दूसरी टीम सड़क से नीचे नदी की ओर सुरक्षात्मक जाल लगाने के लिए ड्रिलिंग कर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरा और नीचे कार्य कर रहे मजदूर रोहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह बोल्डर के साथ गहरी खाई में जा गिरा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और रस्सियों की मदद से घायल रोहन को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हायर सेंटर भेजने के लिए एंबुलेंस मिलने में भी देरी हुई।

प्रत्यक्षदर्शी सुभाष बडोनी ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था बरसात के मौसम में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है। उनका कहना है कि मजदूरों को हेल्मेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। साथ ही पहाड़ी से लगातार गिर रहे ढीले पत्थरों को रोकने के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

वहीं, बीआरओ कमांडर राजकिशोर ने बताया कि घटना में एक मजदूर के घायल होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment