नई टिहरी। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार ने टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी से जनपद के विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान संचालित कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। अभियान के तहत विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों के विकास पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।
जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार पिछले कई दशकों से नशामुक्ति, नैतिक जागरण, व्यक्तित्व निर्माण तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए देशभर में जनजागरण अभियान चला रहा है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत भी गायत्री परिवार को सहयोगी संस्था के रूप में शामिल किया गया है। इस संबंध में मंत्रालय और अखिल विश्व गायत्री परिवार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी संपादित किया जा चुका है।
पत्र के अनुसार, राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पवार के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में, जहां नियमानुसार अनुमति होगी, वहां यज्ञ, यज्ञीय चेतना पर आधारित प्रेरक आयोजन, नैतिक शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण, नशे के दुष्परिणामों पर संवादात्मक व्याख्यान तथा जीवन-मूल्यों पर आधारित जागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी।
गायत्री परिवार का कहना है कि इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, आत्मानुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है, ताकि युवा पीढ़ी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सके।
पत्र में जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे गायत्री परिवार के अधिकृत प्रतिनिधियों को विद्यालयों में नियमानुसार नशामुक्ति जनजागरण कार्यक्रम, प्रेरक व्याख्यान तथा अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की अनुमति मिल सके।
गायत्री परिवार ने विश्वास जताया है कि जिला प्रशासन के सहयोग से यह अभियान विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एक स्वस्थ, संस्कारित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



