Ad image

₹24.95 लाख की साइबर ठगी का खुलासा

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने लगभग 24.95 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक मुख्य सदस्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जियाउर गाजी (40 वर्ष) निवासी दक्षिण बंकारा, हिंगलगंज, जनपद नॉर्थ 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।

मोबाइल हैक कर कंपनी खाते से उड़ाए थे 24.95 लाख

एसटीएफ के अनुसार देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए। इसके बाद उनकी कंपनी के बैंक खाते से 24.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

डिजिटल साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची STF

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर एसटीएफ की टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और हाबरा बाजार क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी जियाउर गाजी को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी फर्म बनाकर खोल रखे थे कई बैंक खाते

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर अपराधियों के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराता था तथा इसके बदले आर्थिक लाभ प्राप्त करता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने तथा अन्य लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए और उन्हें साइबर गिरोह के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया। ठगी की रकम पहले इन खातों में ट्रांसफर की जाती थी, जिसे आरोपी चेक और एटीएम के जरिए निकालकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाता था।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने “गाजी इंटरप्राइजेज” के नाम से फर्जी फर्म बनाकर भी कई बैंक खाते संचालित किए थे, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था।

तीन मोबाइल, तीन सिम और दो डेबिट कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

एसटीएफ का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article
Leave a Comment