Ad image

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के बयान पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के कथित बयान के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में एस्लेहॉल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन कर उनके बयान की कड़ी निंदा की।

प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को महिलाओं के सम्मान के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उनका कहना था कि ऐसे नेताओं को महिलाओं पर टिप्पणी करने से पहले अपने आचरण और विचारों का आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं की सोच शुरू से ही महिला विरोधी रही है तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने और महिला विरोधी मानसिकता का विरोध करने का आह्वान किया।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश और देश में महिलाओं, युवाओं तथा बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर समाज में गलत संदेश दे रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही ऐसे बयानों और महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ प्रदेशभर में जनजागरण अभियान और लोकतांत्रिक आंदोलन चलाए जाएंगे।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय युवाओं के भविष्य और देश के नैतिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण मंत्रालय है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मंत्रालय का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति से जिम्मेदार आचरण और मर्यादित भाषा की अपेक्षा की जाती है।

Share This Article
Leave a Comment