टिहरी। गायत्री शक्तिपीठ टिहरी के मार्गदर्शन में जीआईसी मोलधार में अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति एवं संस्कार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अमर उजाला के पत्रकार मुनेन्द्र नेगी के आमंत्रण पर किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन और भारतीय संस्कृति के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी एवं गायत्री शक्तिपीठ टिहरी के नशा मुक्त अभियान के मुख्य प्रबंधक श्रीदेवी सिंह पंवार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को संस्कारित बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आचार्य श्रीराम शर्मा के विचारों—“हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा”, “हम बदलेंगे, जग बदलेगा”, “शराब नहीं, संस्कार दो” और “नशा छोड़ो, परमात्मा से जुड़ो”—के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से गायत्री शक्तिपीठ से जुड़कर भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण का ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों से भी गायत्री परिवार के सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गायत्री शक्तिपीठ टिहरी के व्यवस्थापक बी.पी. बधानी ने विद्यार्थियों को गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी तथा नियमित रूप से गायत्री मंत्र के जप और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सर्वोदय नेता एवं चिपको आंदोलन से जुड़े साहब सिंह सजवाण ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्य, विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कैतुरा, शिक्षिका-शिक्षिकाओं एवं अन्य अध्यापकों ने भी अपने विचार रखे और नशा मुक्ति अभियान तथा गायत्री परिवार के रचनात्मक कार्यक्रमों में सहयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीदेवी सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं एवं समस्त शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उपस्थित सभी लोगों ने समाज को नशामुक्त बनाने और संस्कारयुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



