रुड़की। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलौर क्षेत्र में शनिवार देर रात कांवड़ खंडित होने के बाद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी।
घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गोल्डन ढाबे के पास रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद कांवड़ियों ने कार के शीशे और अन्य हिस्सों को डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांवड़िए कार में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की घटना हुई है। मामले में एक कांवड़िये को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के पास घटनाक्रम से संबंधित वीडियो फुटेज भी उपलब्ध है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



