Ad image

किमाणा गांव में मलबे और पानी से दहशत

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

किमाणा गांव में मलबे और पानी से दहशत, रातभर पहरेदारी करते रहे ग्रामीण

विकासखंड के किमाणा गांव में देर रात भारी बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा और पानी आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीण रातभर जागकर पहरेदारी करते रहे। पिछले कई दिनों से गांव के ऊपरी हिस्से से लगातार मलबा और पानी आने के कारण गांव पर खतरा मंडरा रहा है।

पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान भी गांव के ऊपरी हिस्से से बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा बहकर बस्ती तक पहुंच गया था। इससे गांव के रास्तों, खेतों और घरों के आसपास गाद जमा हो गई, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है।

एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पहाड़ी से आ रहे मलबे और पानी के कारण कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। वहीं, कुछ गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तिरपाल की व्यवस्था कर दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाएगा।

प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और खतरा महसूस होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

Share This Article
Leave a Comment