हल्द्वानी। बेलबाबा से करीब एक किलोमीटर दूर एक युवक को बाघ के उठा ले जाने की सूचना से शनिवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद बाघ के हमले की कोई पुष्टि नहीं हुई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि लापता युवक शिवशंकर गोस्वामी की पत्नी प्रियंका गोस्वामी का कहना है कि उनके पति लापता हैं और पुलिस की ओर से उन्हें तलाशने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं, परिचितों ने बताया कि उन्हें गनतीये क्षेत्र में चावल बिखरे मिले थे। इसके आधार पर युवक के वहां होने की आशंका जताते हुए वे मौके पर पहुंचे थे।
इधर, हल्द्वानी रेंज के आरओ ने युवक को बाघ के उठा ले जाने की सूचना को अफवाह बताया है। वन विभाग के अनुसार, मौके पर बाघ के हमले या युवक को बाघ द्वारा उठाकर ले जाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल युवक के लापता होने की सूचना को लेकर पुलिस और वन विभाग की ओर से जांच की जा रही है।



