Ad image

बाहरी पर्यटकों की हुड़दंग से परेशान ग्रामीण

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

रामनगर। रामनगर विधानसभा क्षेत्र के अमतोली और अमोठा क्षेत्र में बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही और कथित हुड़दंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि बड़ी संख्या में बाहरी लोग नदी-नालों में नहाने और पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। इस दौरान शराब और मांस का सेवन करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी भी फैलाई जा रही है। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर छात्राओं से छेड़छाड़ और विरोध करने पर ग्रामीणों को धमकाने का भी आरोप लगाया है।

समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ और रामनगर कोतवाली पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, बाहरी लोगों की निगरानी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप

ग्राम प्रधान अमतोली विनोद जोशी ने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों की आवाजाही से गांव के बच्चों, विशेषकर छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की कथित घटना सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि विरोध करने पर कुछ बाहरी लोग ग्रामीणों को धमकाते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

रोज पहुंच रहे 200 से 300 वाहन

ग्राम प्रधान अमोठा जगदीश चंद आर्य के अनुसार क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 200 से 300 वाहन पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग नदी किनारे शराब पीने और मांस पकाने के बाद वहां गंदगी छोड़ जाते हैं। इसके अलावा बिना अनुमति खेतों में प्रवेश करने और रोकने पर ग्रामीणों से अभद्रता करने के भी आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि तत्काल डायल-112 पुलिस टीम को क्षेत्र में भेजा जा रहा है। मौके पर यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करता या नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो।

रिपोर्टर: राजीव अग्रवाल

Share This Article
Leave a Comment