देहरादून। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश में अगले चार महीनों के भीतर चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय और निजी कंपनियां शामिल होंगी। सरकार का लक्ष्य इन मेलों के माध्यम से करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय बैठक में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ पासआउट युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके छात्र-छात्राएं भी मेलों में भाग ले सकेंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
एक सप्ताह में शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को रोजगार मेलों के लिए एक सप्ताह के भीतर नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। विभाग के अनुसार अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, जिसमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं।
रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सेवायोजन विभाग और कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी रहेगी।
तकनीकी शिक्षा विभाग में बनेगा मीडिया सेल
बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विभागीय मुख्यालय में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल का काम विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करना होगा। इसके माध्यम से सरकार की योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को शामिल किया जाएगा।



