विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के बरोटीवाला में बुधवार तड़के तीन बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के मालिक गोपाल राठौर के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी घर में रखा सोना-चांदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बरोटीवाला में गोपाल राठौर का ग्रेट वैल्यू स्कूल है। स्कूल परिसर में ही उनका आवास भी बना हुआ है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे तीन बदमाश वहां पहुंचे और गोपाल राठौर के बारे में पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि गेट खुलने के बाद तीनों बदमाश परिसर के अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने गोपाल राठौर के साथ मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। लूटे गए सामान की कीमत और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।



