देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतारोहियों ने हिमाचल प्रदेश स्थित मणिरंग शिखर का Alpine Style में सफल आरोहण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुनेन्द्र राणा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल ने करीब 6,600 मीटर ऊंची इस चुनौतीपूर्ण हिमालयी चोटी पर तिरंगा फहराया।
अभियान दल में मुनेन्द्र राणा, नवप्रभात सिंह पंवार, पवन सिंह, रत्न नेगी और अनुराग त्रिपाठी शामिल रहे। दल ने बिना किसी बड़े सहायक ढांचे के Alpine Style में चढ़ाई पूरी की, जो पर्वतारोहियों की तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता को दर्शाता है।
किन्नौर और स्पीति के बीच स्थित है मणिरंग
मणिरंग शिखर हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और स्पीति क्षेत्र के बीच स्थित है। करीब 6,593 मीटर ऊंची यह चोटी कठिन हिमालयी अभियानों के लिए जानी जाती है। इसके समीप स्थित मणिरंग दर्रा ऐतिहासिक रूप से किन्नौर और स्पीति के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग रहा है।
अभियान के दौरान दर्ज की गई GPS लोकेशन में 6,599 मीटर की ऊंचाई दर्ज हुई है। यह आरोहण की ऊंचाई का महत्वपूर्ण तकनीकी प्रमाण माना जा रहा है।
युवाओं के लिए बनेगी प्रेरणा
मणिरंग का सफल आरोहण उत्तराखंड के पर्वतारोहण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कठिन परिस्थितियों में टीम के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय और साहस ने अभियान को सफल बनाया। पर्वतारोहियों की इस उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
अभियान की सफलता पर पर्वतारोहण जगत से जुड़े लोगों ने दल को बधाई देते हुए भविष्य के अभियानों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



