नई टिहरी। शहीद सैनिकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में गंगा विश्व सद्भावना समिति की ओर से बौराड़ी स्थित शहीद स्मारक में 14 से 24 सितंबर तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के शुभारंभ अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर को अपराह्न 2 बजे सतेश्वर महादेव मंदिर से शहीद स्मारक बौराड़ी तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिव महापुराण कथा में राष्ट्रीय संत एवं प्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. दुर्गेश आचार्य महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। नई टिहरी पहुंचने पर गंगा विश्व सद्भावना समिति के अध्यक्ष राकेश राणा, कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद उनियाल, टीकम सिंह चौहान एवं गणेश प्रसाद भट्ट सहित समिति के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय संत डॉ. दुर्गेश आचार्य महाराज का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. दुर्गेश आचार्य महाराज ने नई पीढ़ी में सनातन धर्म, संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति बढ़ती दूरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्कार किसी भी समाज की नींव होते हैं। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने तथा संस्कारों की पुनर्स्थापना के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से समाज में संस्कार, सेवा और सद्भाव की भावना को भी मजबूत किया जाना चाहिए।
नेपाल में आई आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि नेपाल की आपदा से हमें सीख लेने की जरूरत है। हिमालय और प्रकृति के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ के परिणाम गंभीर हो सकते हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण और हिमालय के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह पाएगा।
गंगा विश्व सद्भावना समिति के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि धार्मिक स्थलों की यात्रा को केवल पर्यटन की दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। तीर्थस्थलों पर जाने के पीछे तीर्थाटन की भावना होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहना होगा। धार्मिक आस्था के साथ हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर गंगा विश्व सद्भावना समिति के अध्यक्ष राकेश राणा, कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद उनियाल, गणेश भट्ट, गोविंद सिंह पुंडीर, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान, अनिता थपलियाल, शैला देवी, कल्पना भट्ट, अंबिका नैथानी, सोनम भंडारी, राम देई रावत, सपना कठैत, रोशनी भट्ट, कपिल उनियाल, कुलदीप नौटियाल, हेमंत नौटियाल, कृष्णा मिश्रा, राम रमया आदि मौजूद रहे।



