रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा मित्र और पुलिस की टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। टीमों ने देर रात तक महिला की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के पास महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया।
खाई काफी गहरी होने के कारण एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। टीमों ने देर रात तक अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
रात अधिक होने और अंधेरा बढ़ने के कारण करीब 12:30 बजे सर्च अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।



