Ad image

कंस वध के प्रसंग और श्रीकृष्ण लीलाओं से भक्तिमय हुई सौम्यकाशी, दो निर्धन कन्याओं का हुआ निःशुल्क विवाह

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

उत्तरकाशी।धार्मिक नगरी सौम्यकाशी उत्तरकाशी में आयोजित श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन भक्ति और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, गोपियों के प्रेम और कंस वध के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस पावन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से दो निर्धन कन्याओं का निःशुल्क पाणिग्रहण संस्कार भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।

बद्री गौमाता पूजन से हुआ दिन का शुभारंभ

महायज्ञ के छठे दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल बद्री गौमाता के विधि-विधान पूर्वक पूजन और वंदन के साथ हुई। कथा के दौरान आचार्य सूर्यकांत बलूनी जी महाराज ने श्रीकृष्ण लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, प्रेम, भक्ति और लोककल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। सायंकाल मणिकर्णिका घाट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तरकाशी में पहली बार आयोजित हो रहा यह पंचकुंडीय महायज्ञ श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्यदायी है और यह समाज को संस्कार व सेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा हैं । आयोजन समिति की इस मानवीय पहल के तहत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दो जोड़ों का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया गया। इसमें ग्राम गजोली निवासी अरविन्द (पुत्र मथुरा प्रसाद खण्डूड़ी एवं श्रीमती भवानी) का विवाह ग्राम गणेशपुर की वंदना (पुत्री कमला राम बधानी) के साथ हुआ। वहीं, ग्राम उदालका निवासी विकास गैरोला (पुत्र सुन्दरलाल एवं माया देवी) ने ग्राम मस्ताड़ी की प्रभाती (पुत्री विनोद सेमवाल एवं सीता देवी) के साथ सात फेरे लिए। उपस्थित संत-महात्माओं और गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

यज्ञ में 51 यजमानों की सहभागिता, गणमान्य रहे उपस्थित महायज्ञ में मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रुक्मणी नौटियाल, पुत्र डॉ. भगवन नौटियाल, एडवोकेट पवन नौटियाल व एडवोकेट सुमन नौटियाल सहित कुल 51 यजमानों ने आहुतियां दीं। इस अवसर पर यज्ञ के मुख्य आचार्य प्रमोद केमनी, कथा समिति के परमाध्यक्ष स्वामी राघवानंददास जी महाराज, महासचिव भूपेश कुड़ियाल, कार्यकारी अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल (पूर्व चारधाम उपाध्यक्ष), पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ब्राह्मण सभा अध्यक्ष आचार्य बुद्धि प्रसाद नौटियाल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, अजय बड़ोला, आचार्य अनिल बहुगुणा, राघव उनियाल, परमेश्वर नौटियाल और आचार्य रामगोपाल पैन्यूली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

24 नवंबर को होगी कथा की पूर्णाहुति

श्रीमद्भागवत कथा का सप्तम दिवस एवं समापन 24 नवंबर को होगा। व्यास पीठ से आचार्य सूर्यकांत बलूनी जी महाराज श्रीमद्भागवत महापुराण के शेष प्रसंगों और कथा महात्म्य का वर्णन करेंगे। समिति के महासचिव भूपेश कुड़ियाल ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों से अपील की है कि जो श्रद्धालु पिछले छह दिनों में कथा श्रवण से वंचित रह गए हैं, वे अंतिम दिन पहुंचकर कथा महात्म्य का लाभ अवश्य उठाएं।

Share This Article
Leave a Comment