Ad image

तेज रफ्तार बस ने छीनी मासूम की जिंदगी, पिता के हाथ से छूटा निवाला

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

रानीबाग/नैनीताल। दोपहर की सामान्य-सी धूप अचानक एक परिवार के लिए काली छाया बन गई। तेज रफ्तार बस ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और जीवन लाल के घर की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।

पीलीभीत निवासी 35 वर्षीय जीवन लाल, जो परिवार के भरण-पोषण के लिए डेढ़ साल पहले रानीबाग आकर मजदूरी कर रहे थे, सोमवार को खाना खाने बैठे ही थे कि उनकी जिंदगी बदल गई। जैसे ही उन्हें अपनी लाडली बेटी कनक की मौत की खबर मिली, उनका हाथ निवाले के साथ ही रुक गया और वह बदहवास हालत में सड़क की ओर दौड़ पड़े।

जिस बेटी की उंगली पकड़कर उन्होंने उसे चलना सिखाया था, उसी का बेजान शरीर सड़क पर पड़ा देख वह टूट गए। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले ही जीवन लाल अपनी पत्नी, दो बेटों और बेटी कनक को रानीबाग लेकर आए थे। दिनभर की मेहनत के बाद बेटी को गोद में लेने से उनकी सारी थकान दूर हो जाती थी, लेकिन सोमवार को तेज रफ्तार बस उनकी खुशियों को रौंदते हुए निकल गई।

इकलौती बहन थी कनक

कनक अपने दो भाइयों विशाल (5) और सार्थक (2) की इकलौती बहन थी। गांव से आने के बाद वह रोज उत्साह के साथ आंगनबाड़ी केंद्र जाती थी। सोमवार को भी वह अपने भाई और मौसी के बच्चों के साथ केंद्र से लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने किया था इशारा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान नैनीताल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस को धीरे चलाने के लिए आसपास मौजूद लोगों ने चालक को इशारा भी किया, लेकिन उसने गति कम नहीं की और मासूम को कुचल दिया।

20 मीटर तक घसीटी गई बच्ची

हादसा इतना भयावह था कि बच्ची बस के पहिए में फंस गई और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। इससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

मां का करुण क्रंदन

घटना के बाद बच्ची का शव करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस में पड़ा रहा। मां राजकुमारी शव के पास बैठकर लगातार बिलखती रही। बार-बार बेहोश हो रही मां होश में आते ही सिर्फ एक ही बात कह रही थी—“मेरी बेटी को लौटा दो, मैं उसके बिना कैसे रहूंगी…”

गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़

हादसे के बाद बस में सवार यात्री बाहर निकल आए। चालक की लापरवाही से नाराज लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment