Ad image

कौड़ियाला में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई कार, महिला की मौत, सात घायल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

 टिहरी। टिहरी जिले के कौड़ियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ब्यासी के पास सरिये से लदे खड़े ट्रक में एक कार जा भिड़ी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब आठ बजे की है। ब्यासी के पास एक सरियों से लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से टकरा गई।

कार में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में धूमा देवी (55), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे एसडीआरएफ टीम ने वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

घटना में घायल अन्य सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सभी को सामान्य चोटें बताई जा रही हैं।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment