देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट/एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर तीनों संदिग्धों के पास अलग-अलग बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एटीएम बूथों पर जाकर खासतौर पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन जानने के बाद खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सामान को सील कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है।



