Ad image

महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग का आरोप, तीन सीनियर छात्र जांच के घेरे में

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग का मामला तूल पकड़ने लगा है। जूनियर खिलाड़ियों के साथ कथित मानसिक उत्पीड़न और रैगिंग की शिकायतों के बाद तीन सीनियर छात्रों के नाम सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, कॉलेज प्रशासन जल्द ही इन छात्रों से पूछताछ कर उन्हें जांच के दायरे में ले सकता है। मामले में अन्य छात्रों के भी बयान दर्ज किए जा सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों जूनियर खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन से मुलाकात कर रैगिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कुछ सीनियर छात्र जूनियर खिलाड़ियों से जबरन निजी काम करवाते हैं। विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। अभिभावकों का कहना है कि इस कारण बच्चों की पढ़ाई और खेल प्रदर्शन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक छात्र के पिता ने बेटे का प्रवेश निरस्त करने के लिए आवेदन दिया है, जबकि दूसरे छात्र को उसके परिजन अपने साथ घर ले गए हैं। एक अन्य अभिभावक ने भी कॉलेज प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक व्यक्तिगत रूप से शिकायत दर्ज कराते हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही कॉलेज प्रबंधन से भी पूरे प्रकरण की जानकारी ली जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment