उत्तराखंडदुर्घटना

ऋषिकेश में वीआईपी क्षेत्र तक पहुंची हथिनी, देर रात वन विभाग ने जंगल की ओर खदेड़ा

रायवाला में गुलदार ने ग्राम प्रधान के घर में घुसकर कुत्ते को बनाया निवाला, CCTV में कैद हुई घटना

ऋषिकेश। बीती देर रात एक हथिनी ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर स्थित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के आवास के समीप पहुंच गई। हथिनी मुख्य मार्ग पर कोयल घाटी तिराहे के आसपास काफी देर तक घूमती रही, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हथिनी को जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया। वीआईपी क्षेत्र में हथिनी के पहुंचने से आसपास के लोगों की सांसें थमी रहीं।

इधर रायवाला क्षेत्र में गुलदार की दहशत लगातार बनी हुई है। बीती रात बड़कोट रेंज से सटे चकजोगीवाला गांव में ग्राम प्रधान मोहर सिंह असवाल के घर में घुसे गुलदार ने पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो आंगन में कुत्ते का अधखाया शव पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। क्षेत्र के लोगों के अनुसार देहरादून वन प्रभाग की बड़कोट रेंज और राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे मशरूम फैक्ट्री मार्ग व आसपास के इलाकों में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। गुलदार आए दिन पालतू मवेशियों को शिकार बना रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि गुलदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और आबादी क्षेत्र में उनकी आवाजाही से जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button