
पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी क्षेत्र अंतर्गत वनराजी गांव भक्तिरवा किमखोला में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही सगे भाई, चाची और दो चचेरे भाइयों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्व. बहादुर सिंह रजवार का किसी बात को लेकर अपनी चाची बसंती देवी (39) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान बसंती देवी के बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) के साथ ही कुंदन का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) भी मौके पर पहुंच गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चारों ने मिलकर कुंदन सिंह पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अगले दिन 23 मार्च की सुबह आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया।
मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी थाने में घटना की तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में सर्च अभियान चलाया और कुछ ही देर में शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी जौलजीबी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक का परिवार के सदस्यों के साथ अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते सगे भाई ने भी चाची और चचेरे भाइयों का साथ दिया।
मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। सीओ केएस रावत ने बताया कि पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।



