Ad image

नैनीताल में आग बुझाने गया वनकर्मी खाई में गिरा, मौत के बाद हंगामा

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

नैनीताल:
जनपद के बिड़ला चुंगी क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने के दौरान वन विभाग के एक दैनिक कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। अस्पताल में सभासदों और ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिड़ला चुंगी के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग बुझाने के दौरान बिड़ला निवासी आनंद राम अचानक पहाड़ी से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके पास किसी प्रकार के सुरक्षा उपकरण नहीं थे। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सभासद और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू ने आरोप लगाया कि वन विभाग कर्मचारियों को बिना फायर सूट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ही आग बुझाने के लिए भेजा जा रहा है। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती, तो आनंद राम की जान बचाई जा सकती थी।

स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment