देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का रविवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति, कांग्रेस संगठन और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हीरा सिंह बिष्ट उत्तराखंड राज्य गठन से पहले और बाद में कांग्रेस संगठन के प्रमुख नेताओं में रहे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और लंबे समय तक जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वे पूर्व कैबिनेट मंत्री होने के साथ-साथ इंटक (INTUC) के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा, संगठन और श्रमिक हितों के लिए समर्पित माना जाता है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से कांग्रेस ने एक अनुभवी, संघर्षशील और प्रेरणादायी नेतृत्व को खो दिया है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पार्टी परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है।
प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और उनके समर्थकों ने भी हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
सरथक प्रयास दिवंगत नेता हीरा सिंह बिष्ट को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। उनके अंतिम संस्कार एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होते ही समाचार को अपडेट किया जाएगा।



