उत्तरकाशी। गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने पवित्र श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा यात्रा व्यवस्था में जुटे सभी विभागों एवं कर्मचारियों की सराहना की है।
पूर्व विधायक ने कहा कि माँ गंगा के पावन जल को लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से उत्तरकाशी एवं गंगोत्री धाम पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित और सफल यात्रा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर व्यवस्थाएं एवं सकारात्मक अनुभव मिले, यही हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री सजवाण ने श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन अवसर पर समस्त शिवभक्तों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली प्रदान करने की प्रार्थना की।



