Ad image

4 नवम्बर को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में गंगा उत्सव का आयोजन किया जाएगा

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

आगामी 4 नवम्बर को जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में गंगा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इस उत्सव के लिए संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए तय कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करने के निर्देश देने के साथ ही आम जनमानस से इस उत्सव के कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के आह्वान पर देश के गंगा तट पर स्थित जिलों में आगामी 4 नवम्बर को आयोजित होने वाले आठवें गंगा उत्सव का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी के संरक्षण को बढ़ावा देना, इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को उजागर करना और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है।

गंगा के उद्गम क्षेत्र उत्तरकाशी जिले में भी जिला प्रशासन एवं जिला गंगा समिति द्वारा गंगा उत्सव का आयोजन किये जाने की रूपरेखा तय कर ली गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय उत्तरकाशी मैं आगामी 4 नवंबर को आयोजित होने वाले गंगा उत्सव के तहत पूर्वाह्न 11 से दोपहर 12 बजे तक जोशियाड़ा झील में जल क्रीड़ा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से अपराह्न 2 बजे तक राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में क्विज, निबंध, पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा।

अपराह्न 4 से 5 बजे तक मणिकर्णिका घाट पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति होगी। गंगा उत्सव के उपलक्ष्य में सांय 5 से 6 बजे तक गंगा आरती स्थल मणिकर्णिका घाट में दीपोत्सव, गंगा आरती, गंगा भजन एवं गंगा स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment