कोटी कॉलोनी (टिहरी)। प्रतापनगर के देवल गांव निवासी केतन लाल का बुधवार को कोटी कॉलोनी में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस जघन्य घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है तथा जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
उत्तराखंड सरकार में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, आयोग की सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत तथा भाजपा नेता डॉ. प्रमोद उनियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मृतक के पिता धनपाल लाल से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है तथा दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



