Ad image

देहरादून में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक ढेर, दो फरार, SHO नरेश राठौर घायल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए, जिनमें से एक के घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पौंधा रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली और फरार हो गए। घटना की सूचना रात 10:36 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। वाहन में सवार तीन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो गोलियां नरेश राठौर के हाथ में लगीं।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश मारा गया। उसके शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, घायल SHO और लूट के शिकार व्यक्ति को भी हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है।

फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों से लेकर सड़कों तक चेकिंग तेज कर दी गई है। पूरे शहर में नाकेबंदी कर हर वाहन की जांच की जा रही है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही फरार बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment