
पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार के पोखड़ा रेंज क्षेत्र में गुलदार के हमले से दहशत फैल गई। ग्राम धस्माणी में एक 11 वर्षीय बालक को गुलदार घर से उठाकर करीब 20-25 मीटर दूर ले गया। परिजनों के शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना में घायल दीपक सिंह (पुत्र सतेंद्र सिंह) को परिजन तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक होने पर बालक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



