उत्तराखंडसामाजिक

ऋषिकेश के ड्राई जोन में खुलेआम शराब बिक्री, नाराज व्यापारियों ने लगाए पोस्टर

ऋषिकेश। के ड्राई जोन में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। विरोध के तौर पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर पोस्टर लगाकर लोगों को स्पष्ट संदेश देना शुरू कर दिया है।

परशुराम चौक क्षेत्र में कई दुकानों के बाहर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है— “अंग्रेजी शराब बगल वाली दुकान में मिलती है, बार-बार पूछकर हमें परेशान न करें।” दरअसल, अवैध शराब बिक्री के चलते रोजाना शराब के शौकीन आसपास के दुकानदारों से ठिकानों के बारे में पूछते हैं, जिससे व्यापारी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ड्राई जोन होने के बावजूद परचून की दुकानों, होटलों, ढाबों और झुग्गी-झोपड़ियों में अंग्रेजी, देशी शराब और बियर की खुलेआम बिक्री हो रही है। इतना ही नहीं, शराब की होम डिलीवरी तक की जा रही है, जिसकी जानकारी संबंधित विभागों को भी है।

लोगों का कहना है कि पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर केवल छोटी-मोटी चालानी कार्रवाई कर औपचारिकता निभाई जाती है, जबकि बड़े स्तर पर कारोबार जारी है।

स्थानीय निवासियों ने यह भी दावा किया कि अवैध शराब के धंधे में शामिल लोग लाखों रुपये में खोखे खरीद रहे हैं और भारी किराए पर दुकानें लेकर कारोबार चला रहे हैं। कई जगह घरों में ही बार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जहां जरूरत के अनुसार खुले पैग तक दिए जाते हैं।

बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक भी इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

इस संबंध में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सोमवार को भी बड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button