Ad image

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एम्स ऋषिकेश में सामूहिक योगाभ्यास, प्रो. मीनू सिंह बोलीं- योग शरीर, मन और आत्मा का संतुलन है

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

ऋषिकेश। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गंगा तट स्थित गंगेश्वर घाट से लेकर संस्थान के मुख्य सभागार तक आयोजित कार्यक्रमों में चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

प्रातःकाल गंगेश्वर घाट पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रो. मीनू सिंह ने स्वयं प्रतिभाग कर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा मुख्य सभागार में फैकल्टी सदस्यों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। योग स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली की आधारशिला है।

उन्होंने सभी से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, हेल्थ केयर वर्कर और अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, उपनिदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक प्रो. मोहित ढींगरा, प्रो. संजीव कुमार मित्तल, आयुष विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका पठानिया, डॉ. वंदना धींगरा, आयुष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती, डॉ. श्वेता मिश्रा, डॉ. मृणालिनी समेत बड़ी संख्या में संस्थान के कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment