Ad image

हरेला माह पर एम्स ऋषिकेश में औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

ऋषिकेश। हरेला माह के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश एवं रोटरी क्लब, ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को औषधीय पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एम्स परिसर में विभिन्न प्रजातियों के करीब 50 औषधीय पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

एम्स परिसर के गेट नंबर-दो स्थित मिलेट कैफे के आसपास आयोजित कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने पौधरोपण अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी उपाय अपनाकर ही मानव जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने प्राणवायु को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि पर्यावरण संवर्धन के लिए पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से वर्षभर चलने वाला अभियान होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और प्रकृति से जुड़ा हरेला पर्व पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ती है।

अभियान के दौरान अशोक, आंवला, हरड़, बहेड़ा समेत विभिन्न औषधीय गुणों वाले करीब 50 हर्बल पौधों का रोपण किया गया। चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद, उत्तराखंड के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, डीन अकादमिक प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, डीन रिसर्च प्रो. एस.के. हांडू, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्य श्री, आयुष विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका पठानिया, एसई कर्नल कुशल देव, ईई महावीर सिंह, पीपीएस विनीत कुमार, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलय मोहंती, रोटरी क्लब ऋषिकेश के अध्यक्ष एम.एस. बिष्ट, सचिव मनीष राजपूत सहित एम्स और रोटरी क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment