विश्व पर्यावरण दिवस पर गंगोत्री धाम से “स्वच्छता” और “एक पेड़ मां के नाम” का संदेश

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को गंगोत्री धाम में विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने भाग लेते हुए “एक पेड़ मां के नाम” लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

साथ ही उन्होंने सभी को स्वच्छ पर्यावरण की शपथ दिलाकर पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात विधायक के नेतृत्व में मंदिर समिति, पुलिस विभाग,नगर पंचायत गंगोत्री,स्वच्छता मित्र,आईटीबीपी,वन विभाग एवं श्रद्धालुओं के साथ स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक उन्मूलन,स्वच्छता और हरित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

उसके उपरांत स्नान घाटों की सामूहिक सफाई की गई। सफाई कार्य के पश्चात गोमुख पैदल मार्ग पर विधायक चौहान द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति भावनात्मक जुड़ाव की प्रेरणा दी।

अन्य नागरिकों ने भी वृक्षारोपण कर इस अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर विधायक ने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का परित्याग करने की अपील की और जूट के थैले वितरित कर पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को प्रोत्साहित किया। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया एवं श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी संतुष्टि जानी,जिसमें श्रद्धालु प्रसन्न दिखे।

इस अवसर पर भट्टवाड़ी मंडल अध्यक्ष मनोजेन्द्र रावत,पंच मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल,पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल, ईओ नगर पंचायत गंगोत्री उमेश सुयाल,वन विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारी,मंडल महामंत्री संदीप रावत,लक्ष्मण पंवार सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment