लखनऊ। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के कुलाधिपति सुरेश जैन ने जीवीसी मनीष जैन और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान यूनिवर्सिटी के शीर्ष प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को संस्थान की विकास यात्रा, शोध, नवाचार, स्टार्टअप और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इस मुलाकात को साझा किया गया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टीएमयू प्रबंधन ने एक-दूसरे का कुशलक्षेम जाना। इसके बाद सुरेश जैन, मनीष जैन और अक्षत जैन ने बारी-बारी से यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक एवं शोध संबंधी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में नवाचार, स्टार्टअप गतिविधियों और हाल ही में हासिल की गई राष्ट्रीय एवं वैश्विक रैंकिंग की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने टीएमयू के प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में शिक्षा और संस्थानों के विकास के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण रखती है।
मुलाकात के अंत में टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन और जीवीसी मनीष जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को श्री शिव परिवार की प्रतिमा भेंट की। साथ ही उन्हें यूनिवर्सिटी परिसर में पुनः आगमन के लिए आमंत्रित किया। टीएमयू प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और सानिध्य संस्थान के लिए प्रेरणादायी है।



