टिहरी, 6 अगस्त। गायत्री शक्तिपीठ टिहरी में गुरुवार को विधायक किशोर उपाध्याय का आगमन हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। विधायक किशोर उपाध्याय ने कार्यकर्ता को नेपाल से लाई गई रुद्राक्ष की माला और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान गायत्री शक्तिपीठ के पुजारी लव सेमवाल ने विधायक किशोर उपाध्याय को तिलक लगाकर सम्मानित किया। विधायक ने गायत्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर गुरुदेव एवं वंदनीय माता भगवती शर्मा के चरणों में नमन किया और मां गायत्री का आशीर्वाद लिया।
इसके बाद विधायक किशोर उपाध्याय के साथ उत्तराखंड से हो रहे पलायन, बढ़ते नशे और युवाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत के दौरान उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोरशाड़ा निवासी इंद्रमणि नौटियाल के विदेश में फंसे होने का मामला भी उठाया गया। उनकी बेटी दीपिका नौटियाल अपने पिता की स्वदेश वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और विभिन्न स्तरों पर लोगों से सहयोग की अपील कर रही हैं।
गायत्री परिवार की ओर से बताया गया कि व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार और उनकी टीम ने भी परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान की तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मामले में विधायक किशोर उपाध्याय से इंद्रमणि नौटियाल की भारत वापसी के लिए पहल करने का अनुरोध किया गया।
विधायक ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने के साथ ही विदेश मंत्री से भी वार्ता कर इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे।
इस दौरान गायत्री परिवार के सदस्यों ने शक्तिपीठ के प्रचार-प्रसार और सामाजिक गतिविधियों के लिए वाहन की आवश्यकता भी विधायक के सामने रखी। विधायक किशोर उपाध्याय ने तत्काल सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वाहन के लिए कुछ राशि की व्यवस्था गायत्री परिवार की ओर से की जाए और शेष सहयोग विधायक निधि से किया जाएगा।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने विधायक किशोर उपाध्याय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में भी गायत्री शक्तिपीठ को सहयोग दिया है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विधायक का सहयोग और मार्गदर्शन इसी प्रकार मिलता रहेगा।



